Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रफ्तार का कहर: अहमदाबाद, गांधीनगर में दो वाहन हादसों में दो की मौत, छह जख्मी

-चिलोडा और आई डिवीजन ट्रैफिक पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

2 min read
Google source verification
Accident

Ahmedabad. राज्य की राजधानी गांधीनगर और अहमदाबाद शहर में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो अलग-अलग वाहन हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग जख्मी हो गए। गांधीनगर में चिलोडा और अहमदाबाद शहर में आई डिवीजन ट्रैफिक थाने में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज हुई है।

कार की टक्कर से पलटा ऑटो, महिला की मौत

चिलोडा पुलिस के अनुसार यह एक्सीडेंट 9 नवंबर की रात मोटा चिलोडा-दहेगाम रोड पर केशव होटल के पास हुआ। सामने से आई बेकाबू कार ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। फिर एक अन्य वाहन को भी टक्कर मारी। टक्कर के चलते ऑटो रिक्शा पलट गई। ऑटो में सवार आठ लोगों में से पांच व्यक्ति चोटिल हो गए, जबकि पूनम ठाकोर नाम की एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में गांधीनगर मगोडी गाम निवासी पंकज ठाकोर (35) ने कार चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें बताया कि टक्कर मारने के बाद कार चालक फरार हो गया। उसकी कार में विदेशी शराब की आधी बोतल भी बरामद हुई है। आशंका है कि कार चालक नशे में था। पंकज और उसके गांव के आठ लोग नौ नवंबर की रात को लेकावाडा गाम में आलू की फसल के लिए बीज काटने जा रहे थे। ऑटो पंकज चला रहा था। कार के ऑटो को टक्कर मारने के चलते ऑटो में सवार महेन्द्र, मुन्नीबेन, लीलाबेन, अर्जुन, शैलेष को चोट आई है। कई को फ्रेक्चर हुआ है। इन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से गांधीनगर सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया। जबकि पूनमबेन की मौके पर ही मौत हो गई।

ओढव रिंगरोड ब्रिज के नीचे एक्सीडेंट, एक की मौत

रफ्तार के कहर की घटना अहमदाबाद शहर के आई डिवीजन ट्रैफिक थाना क्षेत्र में भी सामने आई। ओढव रिंग रोड ब्रिज के नीचे 9 नवंबर की रात को एक अज्ञात डंपर जैसे वाहन ने स्कूटर को टक्कर मार दी। इस घटना में बुरी तरह से जख्मी होने के चलते स्कूटर चालक गोविंद परमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटर पर पीछे बैठा उसका चचेरा भाई शैलेष चोटिल हो गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में 10 नवंबर को अज्ञात वाहन चालक विरुद्ध महेश परमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। मृतक गोविंद के एक 10 साल का बेटा है।