
बरेली। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर रविवार को मीरगंज विधानसभा में एकता यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कन्नोजिया कॉलेज से शुरू हुई यह पदयात्रा अगरास तिराहा होते हुए फतेहगंज पश्चिमी रामलीला मैदान पहुंचकर सम्पन्न हुई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, विद्यालयों के छात्र–छात्राओं, व्यापारी संगठनों, युवाओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में जगह–जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि भारत की एकता और अखंडता में लौहपुरुष सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने 562 रियासतों को जोड़कर भारत को एक सूत्र में पिरोया। मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल के योग्य सम्मान में भाजपा सरकार ने उन्हें भारत रत्न दिलाकर सही मायने में देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने युवाओं से पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में एकता और भाईचारे का संदेश फैलाने की अपील की।
सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि सरदार पटेल आधुनिक भारत के निर्माता और राष्ट्रीय एकजुटता के प्रतीक रहे हैं। यह यात्रा ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को जन–जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगी। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता के कारण भारत अखंड और सशक्त राष्ट्र बना। उन्होंने पदयात्रा में भारी संख्या में पहुंचे लोगों, कार्यकर्ताओं और छात्र–छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
यात्रा में वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष रविन्द्र सिंह राठौर, महिला आयोग सदस्य पुष्पा पांडेय, कार्यक्रम संयोजक अंकित शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संबंधित विषय:
Published on:
16 Nov 2025 07:32 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
