
सरकारी विभाग के नाम पर बने यूट्यूब चैनल पर मंत्री प्रहलाद पटेल ने तत्काल एक्शन लिया है। श्रमिकों की सुविधा के लिए बने इस चैनल पर विभाग के वीडियो को कॉपी करके अपलोड किया जा रहा था। अब इसकी शिकायत साइबर सेल में कर दी गई है। मंत्री ने MPBOCW – Official के यूट्यूब चैनल पर वीडियो जारी कर श्रमिकों को दिए जाने वाले लाभ की भी जानकारी दी है।
मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल (MPBOCW) के मुताबिक किसी ने एक फर्जी YouTube चैनल विभाग के नाम पर बना दिया है। मिलते जुलते नाम के कारण यह लोगों को भ्रमित कर रहा है। यह चैनल विभाग के नाम का दुरुपयोग कर रहा है और MPBOCW की ओर से जारी किए गए कई आधिकारिक वीडियो को बिना अनुमति के कॉपी-पेस्ट कर अपने चैनल पर अपलोड कर रहा है। इससे गलत और भ्रामक जानकारी फैलाई जा सकती है।
श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस बारे में Cyber Cell और YouTube दोनों पर शिकायत दर्ज कराने को कहा है। शिकायत भी कर दी गई है। मंडल ने स्पष्ट कहा है कि हमारे विभाग का आधिकारिक यूट्यूब चैनल @MPBOCW ही है।
विभाग ने कहा कि फर्जी चैनल के जरिए श्रमिकों को भ्रमित किया जा रहा है और आधिकारिक वीडियो को बिना अनुमति के अपलोड किया जा रहा है, जो पूरी तरह अवैध है।
मंडल की ओर से शुरू हुए AI आधारित रील्स और वीडियो को प्रदेशभर के श्रमिकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। योजनाओं और अधिकारों को सरल भाषा और छोटे वीडियो के माध्यम से समझाने का यह प्रयास तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
यह भी कहा गया है कि आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों पर श्रमिक कल्याण योजनाओं, पंजीकरण प्रक्रिया, शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य एवं मातृत्व लाभ, दुर्घटना व मृत्यु सहायता, पेंशन आदि की जानकारी शेयर की जा रही है। सभी निर्माण श्रमिकों, ठेकेदारों और हितधारकों से अपील की है कि वे सिर्फ अधिकृत सोशल मीडिया स्रोतों से ही जुड़ें और किसी भी फर्जी या भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहें।
Updated on:
04 Dec 2025 03:48 pm
Published on:
04 Dec 2025 02:04 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
