
लक्ष्मी मित्तल यूके छोड़ रहे हैं। (PC: AI)
भारतीय मूल के अरबपति कारोबारी लक्ष्मी मित्तल ब्रिटेन छोड़ रहे हैं। मित्तल लेबर पार्टी की सरकार द्वारा किए जा रहे टैक्स सुधारों से नाराज हैं और इसी वजह से उन्होंने यूके छोड़ने का फैसला लिया है। मित्तल का अगला ठिकाना अब दुबई और स्विट्जरलैंड होगा। उन्होंने दुबई के नजदीक एक आइलैंड पर प्रॉपर्टी भी खरीद ली है।
दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी स्टील कंपनी आर्सेलर मित्तल (ArcelorMittal) के मालिक लक्ष्मी मित्तल ब्रिटेन के टॉप अरबपतियों में शुमार हैं। मित्तल यूके सरकार के टैक्स सुधारों से खुश नहीं हैं, इसलिए वह ब्रिटेन छोड़ रहे हैं। लक्ष्मी मित्तल का ब्रिटेन से जाना देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी बड़ा झटका हो सकता है। खुद ब्रिटिश सरकार के मंत्री भी मानते हैं कि अरबपतियों का देश छोड़ना चिंता का विषय है। यूके सरकार टैक्स ढांचे में बड़ा बदलाव करने वाली है। इसमें 20% तक एक्जिट टैक्स, मैंशन टैक्स और 40% अधिक इनहेरिटेंस यानी विरासत टैक्स भी शामिल है।
यूके के विपरीत दुबई टैक्स के मामले में अरबपतियों के लिए जन्नत साबित होता है। इसलिए लक्ष्मी मित्तल भी यहीं शिफ्ट हो रहे हैं। दुबई में कोई इनहेरिटेंस टैक्स नहीं लगता, इसके अलावा भी कई तरह की छूट मिलती हैं। रिपोर्ट्स बताती हैं कि मित्तल ने दुबई के नजदीक नाइया आइलैंड पर एक प्रॉपर्टी खरीदी है। उनके पास यहां पहले से ही दुबई में एक आलीशान हवेली है। शमाल होल्डिंग द्वारा डेवलप किया जा रहा ये आइलैंड अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और मिल्लत जैसे अरबपतियों को आकर्षित कर रहा है।
अल्ट्रा-एक्सक्लूसिव हॉस्पिटैलिटी: नाइया आइलैंड पर इलाके का पहला शेवल ब्लैंक मैंसन विकसित किया जाएगा। यहां रहने वालों को होटल जैसी लग्जरी सर्विस मिलेगी, जिसमें कंसीयज से लेकर वेलनेस और फाइन डाइनिंग शामिल है।
प्राइवेट बीच एक्सेस: दुबई के दूसरे प्रोजेक्ट्स से अलग नाइया आइलैंड में ब्रांडेड घरों और एस्टेट प्लॉट का लिमिटेड कलेक्शन है। हर घर को प्राइवेट बीच एक्सेस के साथ डिजाइन किया गया है। ऐसा निवासियों को अत्यधिक प्राइवेसी और अरेबियन गल्फ तक सीधा संपर्क देने के लिए किया गया है।
लो-राइज डिजाइन: दुबई में आमतौर पर गगनचुंबी इमारत दिखाई देती हैं, लेकिन नाइया आइलैंड इससे बिल्कुल जुदा है। यहां लो-राइज आर्किटेक्चर का इस्तेमाल किया गया है। ताकि समुद्र और दुबई के मशहूर स्थानों को देखने में कोई अड़चन न आए।
मैरीटाइम लग्जरी: यहां रहने वाले जब चाहें समुद्री यात्रा पर निकल सकेंगे। उन्हें यॉट बर्थिंग जैसी तमाम तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है और इसके 2029 तक पूरी तरह से तैयार होने की संभावना है। नाइया आइलैंड लक्ष्मी मित्तल जैसे अरबपतियों को शांत, लेकिन लग्जरी से भरपूर वातावरण प्रदान करेगा। यही वजह है कि मित्तल ने अपना आशियाना बनाने के लिए यहां प्रॉपर्टी खरीदी है।
एक अनुमान के मुताबिक, लक्ष्मी मित्तल का नया आशियाना करीब 21,000 से 48,000 स्क्वेयर फीट का होगा। नाइया आइलैंड पर प्रॉपर्टी के दाम काफी ज्यादा हैं। 4 बेडरूम वाले बड़े विला की शुरुआती कीमत लगभग AED 45 मिलियन (करीब 109.3 करोड़ रुपए) है। यदि आप अपने हिसाब से घर बनवाना चाहते हैं, तो उसके लिए ज्यादा जेब ढीली करनी होगी। यहां निवेश करने वाला 10-साल के गोल्डन वीजा के लिए क्वालिफ़ाई करता है।
लक्ष्मी निवास मित्तल मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। स्टील इंडस्ट्री में उनकी तूती बोलती है। वह दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी स्टील कंपनी आर्सेलर मित्तल के मालिक हैं। मित्तल आक्रामक अधिग्रहण रणनीति के लिए पहचाने जाते हैं। 1980 और 1990 के दशक में उन्होंने कई बड़े अधिग्रहण करके अपना साम्राज्य बढ़ाया था। मित्तल की कुल नेटवर्थ 15.4 अरब पाउंड के आसपास है। उनका यूके से जाना, देश के लिए बड़ा आर्थिक झटका होगा।
Published on:
26 Nov 2025 03:35 pm
बड़ी खबरें
View Allकारोबार
ट्रेंडिंग
