Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अगर बात नहीं माने तो एहसे बात होई… वीडियो में चप्पल दिखाकर फंसे सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्ल्यू फंस गए हैं। उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर नाराजगी दिखाते हुए अधिकारियों को चप्पल दिखाकर धमकी दी।

2 min read

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह दी चेतावनी, PC - X

चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्ल्यू फंस गए हैं। किसानों की समस्याओं को लेकर नाराजगी जताते हुए उन्होंने एक वीडियो में सिंचाई विभाग के अधिकारियों को चप्पल दिखाकर धमकी दी, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा, धमकी और सोशल मीडिया पर अपमानजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, और अब पूर्व विधायक पर कानूनी कार्रवाई तेज हो गई है।

मामला बरहनी ब्लॉक के चारी गांव का है, जहां नवरात्रि के दौरान धान की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। लिफ्ट कैनाल से पानी न मिलने से परेशान किसानों ने सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्ल्यू से गुहार लगाई। बुधवार (1 अक्टूबर) को मौके पर पहुंचे मनोज सिंह ने चारी पंप कैनाल का निरीक्षण किया। किसानों ने बताया कि 2012-2017 के उनके विधायकी काल में 34 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह कैनाल अब अधिकारियों की लापरवाही के कारण बंद पड़ी है। इससे खेतों में पानी का टोटा हो गया है, और फसलें बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है।

निरीक्षण के दौरान भड़क गए पूर्व विधायक ने अधिकारियों और भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए पूरा वीडियो रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में चप्पल लहराते हुए मनोज सिंह ने एक्सईएन और संबंधित अधिकारियों को निशाना बनाते हुए कहा, "तीन दिन के बाद अगर पंप चालू नहीं हुआ तो एहसे (चप्पल दिखाते हुए) बात होई साहब। त्‍योहार का टाइम है। शुभ दशहरा।" यह बयान सुनते ही वीडियो वायरल हो गया, और सोशल मीडिया पर हजारों व्यूज बटोर लिया। हालांकि पत्रिका.कॉम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

अवर इंजीनियर की शिकायत पर केस दर्ज

वीडियो को गंभीरता से लेते हुए चंदौली पुलिस ने फौरन संज्ञान लिया। लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता सूर्याकांत सिंह की शिकायत पर कंदवा थाने में मनोज सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 186 (सरकारी काम में बाधा), 506 (धमकी) और 67 आईटी एक्ट (सोशल मीडिया पर अपमानजनक सामग्री) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ सदर ने बताया, "पूर्व विधायक द्वारा जारी वीडियो को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आगे की जांच चल रही है।"

चारी गांव के किसान इस मुद्दे पर एकजुट हैं। उन्होंने बताया कि कैनाल बंद होने से धान की फसलें सूख रही हैं, और अगर जल्द पानी नहीं छोड़ा गया तो भारी नुकसान होगा। एक किसान ने कहा, 'पूर्व विधायक ने हमारी आवाज उठाई, लेकिन अब उन पर ही केस हो गया। प्रशासन को समस्या का समाधान करना चाहिए, न कि राजनीति।'

सपा के राष्ट्रीय सचिव होने के नाते यह मामला पार्टी के लिए भी शर्मिंदगी का कारण बन सकता है। हालांकि, मनोज सिंह या सपा नेतृत्व की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सोशल मीडिया पर समर्थक उन्हें किसान हितैषी बता रहे हैं, जबकि आलोचक इसे गुंडागर्दी करार दे रहे हैं।