
Deputy Registrar General reviews pre-verification of Census 2027 - फोटो सोर्स-Ai
Census 2027 - देशभर में जनगणना 2027 की तैयारियां चल रहीं हैं। इसको लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। जनगणना के पूर्व परीक्षण के रूप में एमपी के ग्वालियर में दो वार्डों में सर्वे का काम चल रहा है। शनिवार को भारत सरकार के उप महा रजिस्ट्रार ने इस काम का जायजा लिया। उन्होंने सर्वे की प्रगति जानी और इस काम में आ रही समस्याओं, चुनौतियों की भी जानकारी ली। ग्वालियर में पायलेट प्रोजेक्ट के अंतर्गत 2 वार्डों में मकान सूचीकरण और गणना का काम चल रहा है। दोनों वार्डों में सर्वे का काम 40 प्रतिशत पूरा हो चुका है। जनगणना 2027 के पूर्व परीक्षण के रूप में किए जा रहे इस सर्वे पर केंद्र की गहरी नजर है। ग्वालियर के अलावा मध्यप्रदेश के रतलाम, सिवनी आदि शहरों में भी मकानों की गणना और सूची बनाने का काम किया जा रहा है।
ग्वालियर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 5 और 64 में पूर्व परीक्षण कार्य चल रहा है। इसके अंतर्गत दोनों वार्डों में मकानों की गणना कर उनकी सूची बनाई जा रही है। अन्य संबंधित सर्वे भी किया जा रहा है। 10 नवंबर से चालू हुआ ये सर्वे 30 नवंबर तक चलेगा। कुल 92 प्रगणक, 15 पर्यवेक्षकों की निगरानी में यह फील्ड कार्य कर रहे हैं। प्रगणकों को 10 ब्लॉक दिए गए हैं। वार्ड 5 में 11 पर्यवेक्षक व 62 प्रगणक और वार्ड 64 में 4 पर्यवेक्षक व 30 प्रगणक इस काम में जुटे हैं।
सर्वे शुरु करने के पहले सभी पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को गहन प्रशिक्षण दिया गया था। जनगणना 2027 के पूर्व परीक्षण के के लिए अब सभी प्रगणक और पर्यवेक्षक वार्ड 5 और 64 में घर-घर जाकर सर्वे कर रहे हैं। फील्ड वर्क की रोज की रिपोर्ट पेश की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों वार्डों में प्रगणकों ने भवनों की जियो टैगिंग पूरी कर ली है। इधर सभी पर्यवेक्षक भी डी-एलएमएस ऐप पर सीमा चिह्नांकन का काम पूरा कर चुके हैं।
जनगणना 2027 के पूर्व परीक्षण के इस काम की प्रोग्रेस देखने भारत सरकार के उप महारजिस्ट्रार धीरज जैन ग्वालियर आए।
उन्होंने बताया कि पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर ग्वालियर में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का काम किया जा रहा है। इसके बाद देशभर में प्रथम चरण का काम 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। जनगणना 2027 का द्वितीय चरण फरवरी 2027 में प्रारंभ किया जाएगा।
ग्वालियर के दोनों वार्डों में सर्वे का काम तेजी से चल रहा है। अधिकारियों ने तय तारीख 30 नवंबर तक जनगणना पूर्व परीक्षण का काम पूरा करने का दावा किया है। ऐप के सहयोग से मकानों की गणनाकर सूची बनाई जा रही है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार 20 नवंबर तक 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
Updated on:
22 Nov 2025 05:16 pm
Published on:
22 Nov 2025 05:15 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
