
IMD issues Heavy Rain Alert
IMD Alert: नवंबर की शुरुआत से ही मौसम लगातार अपना रंग बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में लगातार तापमान नीचे की ओर खिसक रहा है, वहीं एक्यूआई भी खराब से श्रेणी में बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने डबल अलर्ट जारी किया है। इसके तहत कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश तो कुछ राज्यों में शीतलहर का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। बुधवार सुबह दिल्ली के 39 में से 36 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। इसके अलावा कई इलाकों में अभी भी एक्यूआई 400 के पास बना हुआ है, जो प्रदूषण की गंभीर स्थिति है।
दिल्ली में खराब हवा के साथ ही न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। बुधवार सुबह कड़ाके की ठंड के साथ आसमान में धुंध की मोटी चादर छाई रही। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में बुधवार सुबह 7 बजे तक एक्यूआई बेहद खराब स्थिति में रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों की मानें तो बुधवार को बवाना में सबसे ज्यादा AQI (382) दर्ज किया गया। जबकि रोहिणी में 380 और वजीरपुर में 377 एक्यूआई दर्ज हुआ। रिपोर्ट में दिल्ली का औसतन एक्यूआई 337 बताया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। इसके अलावा गुरुग्राम और फरीदाबाद में एक्यूआई की स्थिति थोड़ी बेहतर दिखी, लेकिन वहां भी हवा खराब श्रेणी में ही रही।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के साउथ ईस्ट में एक कम दबाव का क्षेत्र बना है, जो बहुत जल्द चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इस वजह से दक्षिण भारत के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है और कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। तमिलनाडु में 30 नवंबर तक हल्की से मध्यम और कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। केरल और माहे के कुछ हिस्सों में बुधवार को हल्की बारिश हो सकती है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में भी बारिश होने के आसार बताए गए हैं।
बात अगर उत्तर भारत की करें तो IMD ने शीतलहर की चेतावनी दी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर और पूर्वी भारत में अब कड़ाके की ठंड दस्तक देने वाली है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने की वजह से मैदानी हिस्सों में भी तापमान तेजी से घटने और मौसम के ठंडा होने की संभावना है। IMD के अनुसार, उत्तरी भारत जैसे हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में अगले दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और आसमान साफ रहेगा। लेकिन न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट होने की संभावनाएं हैं, जिससे सुबह और रात में सर्दी बढ़ेगी। कुछ इलाकों में सुबह हल्का कोहरा या धुंध देखने को मिल सकता है।
Updated on:
27 Nov 2025 12:59 pm
Published on:
26 Nov 2025 04:07 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
