मौसम विभाग के अलर्ट पर वैष्णो देवी यात्रा तीन दिन के लिए निरस्त।
Heavy Rain Alert: देशभर में विदाई से पहले एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जम्मू संभाग में भारी से बहुत भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कटरा शहर के पास त्रिकुटा पहाड़ियों में स्थित इस मंदिर की तीर्थयात्रा 5 से 7 अक्टूबर तक स्थगित करने की घोषणा की। श्राइन बोर्ड ने X पर एक पोस्ट में कहा, "खराब मौसम की चेतावनी के मद्देनजर… वैष्णो देवी यात्रा 5 से 7 अक्टूबर 2025 तक स्थगित रहेगी और 08/10/2025 को फिर से शुरू होगी। भक्त आधिकारिक माध्यमों से अपडेट रह सकते हैं।"
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के आधिकारिक सूत्रों ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने की आशंका के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाते हुए यात्रा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। तीर्थयात्रियों से कटरा शहर की यात्रा न करने का अनुरोध किया गया है, जो पवित्र तीर्थस्थल जाने वाले यात्रियों के लिए आधार शिविर का काम करता है। दरअसल, 26 अगस्त को अर्ध कुंवारी के पास यात्रा मार्ग पर हुए भीषण भूस्खलन में 34 लोगों (जिनमें से अधिकांश तीर्थयात्री थे) की मौत के बाद वैष्णो देवी यात्रा को 22 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया था। बाद में इसे 17 सितंबर को फिर से शुरू किया गया था। हाल ही में संपन्न नवरात्रि के दौरान 1.70 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने इस पवित्र तीर्थस्थल पर दर्शन किए।
इस सप्ताह उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 4 से 7 अक्टूबर के दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। खासकर 6 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी चेतावनी (ऑरेंज अलर्ट) जारी की गई है। राजस्थान के पश्चिमी और उत्तरी भागों में भी इसी अवधि में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मध्य प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में वर्षा के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन कुछ निचले इलाकों में जलभराव की समस्या हो सकती है।
बात अगर पूर्वी भारत की करें तो ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी 4 से 7 अक्टूबर के बीच गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि ओडिशा के कुछ जिलों में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिसके कारण भूस्खलन और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने रहेगा। प्रायद्वीपीय भारत की बात करें तो दक्षिण प्रायद्वीप के तटीय क्षेत्रों जैसे आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु और तेलंगाना में भी भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है कि लगभग 7 अक्टूबर के बाद, उत्तर भारत और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी। इसके बाद इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा अधिक रहने और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने की शुरुआत हो सकती है, जो मॉनसून की विदाई का संकेत है। हालांकि, दक्षिणी राज्यों में छिटपुट बारिश जारी रह सकती है। मुंबई और अन्य पश्चिमी तटीय क्षेत्रों में मानसून की वापसी में थोड़ी देरी हो सकती है, जिससे रुक-रुक कर बारिश और उमस भरी गर्मी का अनुभव हो सकता है।
Updated on:
04 Oct 2025 04:56 pm
Published on:
04 Oct 2025 03:48 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग