Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ठिठुर रहा बुंदेलखंड, देहरादून-शिमला से भी ज्यादा ठंडा नौगांव, पारा 8 डिग्री पर पहुंचा

पूरा बुंदेलखंड इन दिनों सर्द हवाओं से ठिठुर रहा है। संभाग के नौगांव में तापमान 8 डिग्री पर पहुंच गया है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई शहर ऐसे हैं, जहां रात का पारा नौगांव से भी अधिक है। देहरादून में तापमान 10 डिग्री, हिमाचल प्रदेश के शिमला में 8.2 डिग्री और ऊना में 8 डिग्री रहा।

2 min read
Google source verification

सागर

image

Rizwan ansari

Nov 15, 2025

पूरा बुंदेलखंड इन दिनों सर्द हवाओं से ठिठुर रहा है। संभाग के नौगांव में तापमान 8 डिग्री पर पहुंच गया है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई शहर ऐसे हैं, जहां रात का पारा नौगांव से भी अधिक है। देहरादून में तापमान 10 डिग्री, हिमाचल प्रदेश के शिमला में 8.2 डिग्री और ऊना में 8 डिग्री रहा। उत्तर और राजस्थान से आने वाले बर्फीली हवाओं का असर सागर संभाग के जिलों में ज्यादा दिखाई दे रहा है। संभाग के कुछ जिलों में कोल्ड वेव का असर भी है। प्रदेश में शुक्रवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान राजगढ़ और नौगांव का ही दर्ज किया गया। दोनों स्थानों पर तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

सागर में सामान्य से तीन डिग्री नीचे

सागर में मौसम का मिजाज बदल गया है। शुक्रवार शाम से सर्द हवाएं चल रही है। अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 13.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सर्द हवाओं से लुढक़ेगा पारा

मौसम वैज्ञानिक विवेक छलोत्रे ने बताया कि उत्तरी हवाएं के साथ राजस्थान से भी सर्द हवाएं आ रही हैं। राजस्थान के ऊपर प्रति चक्रवात बना हुआ है। राजस्थान की रेत जल्द गर्म होती हैं और जल्द ठंडी भी हो जाती हैं। राजस्थान से आ रही ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। सागर का तापमान पिछले पांच दिनों से 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है, लेकिन शनिवार से 1 से 2 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है।

संभाग में यह स्थिति

दमोह - 29.0 11.4
खजुराहो - 29.4 11.2
नौगांव - 27.8 8.2
सागर - 29.3 13.1
टीकमगढ़ - 27.5 10.8
(नोट-तापमान डिग्री सेल्सियस में है)

छतरपुर में शीत लहर का यलो अलर्ट जारी, आज से छाएगा कोहरा

छतरपुर. शीत लहर की संभावना जताते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं लगातार पारा गिरने से ठंड का अहसास भी होने लगा है। जिले में बर्फीली हवाओं का असर भी जल्द देखने को मिलेगा। हवाओं की दिशा बदलने से ठंड पडऩे के आसार भी देखने को मिल रहे हैं। शुक्रवार को दिन का तापमान 29.4 तो रात का 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आद्र्रता 39 प्रतिशत रही।

नौगांव में 8 डिग्री की ठंड

नौगांव में कड़ाके की ठंड शुरु हो गई है और रात का पारा 8 डिग्री पहुंच गया है। वहीं खजुराहो का न्यूनतम पारा 12 डिग्री से घटकर 11.2 हुआ, नौगांव में अधिकतम तापमान 29 डिग्री से घटकर 27.8 दर्ज किया गया। इस बार जिले में अधिक ठंड होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। मौसम केंद्र खजुराहो के प्रभारी आरएस परिहार ने बताया कि आज से कोहरा छाने की उम्मीद है जो 20 नवंबर तक पूरी तरह से जिले में छाने लगेगा। बादलों के साफ होते ही ठंड अधिक होने की बात भी प्रभारी ने कही। उन्होंने बताया की मौसम का सर्कुलेशन जल्द ही बदलने वाला है और हवाओं की दिशा बदलते ही बादल छट जाएंगे जिससे दिन में तापमान कम होगा।