डॉ. आंबेडकर नगर (महू). वन परिक्षेत्र के दतोदा-हरसौला मार्ग स्थित तिक्खी पहाड़ी पर सोमवार सुबह ग्रामीणों को झाडि़ओं के बीच फंसा तेंदुआ नजर आया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग के अफसरों को दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए का रेस्क्यू किया गया। वन परिक्षेत्र के रेंजर नयन कुमार ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 9 बजे तेंदुए के झाडिय़ों में अटके होने की सूचना मिली। जिसके बाद महू सहित इंदौर की टीम मौके पर पहुंची। यहां मादा तेंदुए का पिछला पंजा फेंसिंग के तार में अटका हुआ दिखा। इसके बाद रालामंडल के एक्सपट्र्स को बुलाया गया। तेंदुए का रेस्क्यू करने के लिए ट्रेंक्यूलाइज्ड किया गया। दवाई के असर से तेंदुए के बेहोश होने के बाद टीम ने ताबड़तोड़ पंजे से फेंसिंग तार को निकाला। टीम ने करीब 45 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन को मादा तेंदुए को सकुशल पिंजरे में कैद किया।
शिकार की तलाश में पहाड़ी पर आने का अंदेशा
तेंदुए के पहाड़ी तक पहुंचने के पीछे शिकार की तलाश का अंदेशा जताया जा रहा है। संभवत: रविवार रात को वन्य क्षेत्र में शिकार को ढूंढते हुए तेंदुआ पहाड़ी तक आ पहुंचा। यहां मादा तेंदुए का पंजा तार में अटक गया।
शिकारी या गिरोह की आशंका में पड़ताल
तेंदुए को रेस्क्यू करने के बाद सोमवार शाम वन विभाग महू की टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची। रेंजर नयन कुमार ने बताया कि तेंदुआ मिलने के बाद आसपास के एरिया में सर्चिंग अभियान चलाया गया। इसमें संभावित घटना को दृष्टिगत रख आसपास किसी शिकारी या गिरोह के होने की आशंका में सघन पड़ताल की गई।