Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीतीश कुमार 20 नवंबर को लेंगे CM पद की शपथ, गांधी मैदान में 4 दिन तक नो एंट्री, बुलाई जा रही VIP नेताओं की फौज

बिहार में नई सरकार के गठन और संभावित शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी पटना में बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला प्रशासन ने चार दिनों तक गांधी मैदान में प्रवेश पर रोक लगा दिया है।

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Nov 17, 2025

गांधी मैदान

बिहार में नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई है। राजधानी पटना में साफ-साफ इसका असर दिख रहा है। माना जा रहा है कि बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ही 20 नवंबर को शपथ लेंगे और उनका शपथ ग्रहण समारोह बेहद भव्य और हाई-प्रोफाइल होने वाला है, जिसका भव्य मंच पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तैयार किया जा रहा है। इसी तैयारी के मद्देनजर 20 नवंबर तक गांधी मैदान में आम जनता के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी सहित देश भर से कई बड़े नेताओं के आने की संभावना है।

आज होगी कैबिनेट की बैठक

बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि सोमवार, 17 नवंबर को सुबह 11:30 बजे पटना स्थित मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। बताया जा रहा है कि इस बैठक में नई सरकार के गठन पर चर्चा हो सकती है। शपथ ग्रहण समारोह की तिथि भी तय हो सकती है।

चार दिन तक बंद रहेगा गांधी मैदान

पटना जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार 20 नवंबर तक गांधी मैदान में किसी भी नागरिक का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सुबह-शाम वॉक पर आने वाले लोग, खेल प्रशिक्षु, स्थानीय दुकानदार और आस-पास के निवासी – सभी को मैदान से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान टेंट, स्टेज, बैरिकेडिंग, सुरक्षा जांच बिंदु, मीडिया प्लेटफॉर्म और वीवीआईपी आगमन पथ सहित भारी स्तर पर काम चल रहा है। प्रशासन ने साफ-साफ कहा है कि सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए यह प्रतिबंध अनिवार्य है।

शपथ ग्रहण में होंगे बड़े-बड़े नेता शामिल

सूत्रों के अनुसार इस समारोह में राष्ट्रीय स्तर के कई VIP नेता, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और शीर्ष भाजपा-एनडीए नेतृत्व की मौजूदगी संभव है। यह भी चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस भव्य समारोह के लिए स्पेशल इनविटेशन भेजा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चुनाव प्रचार के दौरान एक सभा में खुद कहा था कि अब शपथ ग्रहण में आऊंगा। इसके अलावा विभिन्न एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, बीजेपी हाईकमान, गठबंधन के प्रमुख नेता और अन्य VIP मेहमान इस आयोजन में शामिल हो सकते हैं। इस स्तर की मेहमान सूची ने प्रशासन को हाई अलर्ट मोड पर ला दिया है।

गांधी मैदान ही क्यों चुना गया

गांधी मैदान सिर्फ मैदान ही नहीं बल्कि बिहार की राजनीतिक परंपरा, ऐतिहासिक भाषणों और विशाल जनसभा का केंद्र रहा है। यह मैदान कई आंदोलनों का केंद्र बिन्दु भी रहा है। इसलिए नई सरकार का स्वागत और शक्ति प्रदर्शन इस मैदान से ही किए जाने की तैयारी है। यहां पर महात्मा गांधी का विश्व भर में सबसे लम्बी प्रतिमा स्थापित हैं।

ट्रैफिक प्लान भी बदलेगा

पटना ट्रैफिक पुलिस अलग से रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर रही है। संभावना है कि समारोह के दिन डाक बंगला चौराहा, इनकम टैक्स गोलंबर, जवाहर लाल नेहरू मार्ग, जीपीओ गोलंबर जैसे मार्गों पर भारी रोक-टोक रहेगी। पटना पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से मैदान की सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।

CM आवास पर बैठकों का दौर जारी

एक ओर जहाँ गांधी मैदान में तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर पर भी एनडीए के सभी दलों के नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है। दिल्ली से लौटे संजय कुमार झा और ललन सिंह ने शीर्ष भाजपा नेताओं के साथ हुई चर्चा (मंत्रिमंडल के बंटवारे और सरकार गठन के फार्मूले) की जानकारी नीतीश कुमार को दी है। इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य दलों के अध्यक्ष और बड़े नेताओं का आना-जाना लगातार लगा हुआ है। मेल-मुलाकातों का यह सिलसिला नई सरकार के गठन का फार्मूला तय कर रहा है।